Tuesday, October 27, 2020

सांस्कृतिक संक्रमण

 विजयदशमी के अवसर पर संघ सुप्रीमो मोहन भागवत जी ने हिंदू शब्द को भारत भक्ति तथा मनुष्यता को समाहित करने वाला शब्द बताया।


यह ठीक वैसा ही है; जबआप किसी पहाड़ की ऊंची चोटी/ हवाई जहाज से नीचे देखें तो सब एक समान दिखाई पड़ता है। पर वास्तव में जमीनी हकीकत ठीक इसके उलट होती है।


भारत के बहुजन वर्ग के लिए हिंदू शब्द का अर्थ अन्याय असमानता, शोषण, असुरक्षा और भेदभाव है।


अल्पजन परंतु विशिष्ट अधिकार संपन्न वर्ग के लिए हिंदू शब्द आस्था, धर्म, परंपरा, कर्मकाण्ड और सांस्कृतिक उच्चता का प्रतीक है।


बड़ी विडंबना ये कि बहुजन वर्ग के नव धनाढ्य तथा शहराती लोग सांस्कृतिक संक्रमण के दौर में फंसे हुए हैं डॉक्टर अंबेडकर और उनके वैज्ञानिक विचार वे अपने सामाजिक जीवन में तो उतार रहे हैं, पर समाज की मूलभूत इकाई यानी अपने ही परिवार में अंधविश्वास से मुक्ति नहीं करा सके हैं।


लखनऊ में एक उच्च पुलिस अधिकारी की पत्नी ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली क्योंकि पति महोदय उन्हें अष्टमी का व्रत रखने से मना कर रहे थे। महिला की दुविधा यह रही होगी कि जिस संभ्रांत सोसाइटी में वह रहती है वहां की सभी महिलाएं इसी तरह के कर्मकांड में यकीन रखती हैं तो फिर वो एलिनिएट होने का खतरा कैसे उठाए?


संस्कृतिकरण कि यह परिपाटी बेहद खतरनाक रूप अख्तियार करती जा रही है। बहुजन वर्ग के ज्यादातर लोग सामाजिक स्वीकृति पाने मात्र के लिए कांवड़ यात्रा, साईं पूजन, विंध्याचल दर्शन, करवा चौथ, नवरात्र जैसे महंगे और फिजूल उत्सव में फंस रहे हैं।


जबकि बहुजन लोक संस्कृति में हर गांव के पास अपना मठिया, डिहवार, हर खानदान के पास कुलदेवी-कुलदेवता और लगभग सभी समुदायों के पास अल्प खर्चीली, बिना पंडा-पुरोहित के पूजा पद्धति पहले से विद्यमान है।


बाजार और धार्मिक कर्मकांड इस वर्ग के सबसे खतरनाक दुश्मन बनकर सामने आए हैं।

Friday, July 17, 2020

Lockdown

“दर्शकशास्त्र का दर्शनशास्त्र”- माफ़ कीजिए पर आपने लॉकडाउन को सिर्फ सिनेमा की तरह देखा


दृश्य 1
पर्दा उठता है। ड्रॉइंग रूम में एक अभिनेता फ़्रंट सीट लेता है। मुमकिन हैं उसके पास इस सीट के लिए एक उच्च वर्ग और उच्च जाति का टिकिट मौजूद है। अपने टीवी की स्क्रीन पर प्रवासी मज़दूरों को पैदल चलता हुआ देखकर वो मायूस हो जाता है। बहुत ही तत्परता से वो अपने आप को लाचार और बेबस महसूस “कराता” है। जैसे क्रिकेट मैच देखते वक़्त दर्शक चीख़ते हैं, अपने ड्रॉइंग रूम से ही खिलाड़ी को निर्देश दे रहे होते हैं इस उम्मीद में कि ऐसा करके वो खेल के परिणाम को किसी तरह बदल देंगे, ठीक वैसे ही अभिनेता भी तुरंत फ़ेसबुक और ट्विटर पर दुःखी इमोजीस और स्माइली के साथ इन मज़दूरों पर अपनी प्रतिक्रिया ज़ाहिर करता है। उसको ये उम्मीद होती है कि इससे मज़दूरों का और देश का भविष्य बदल जाएगा। ऐसा करके उसको लगता है कि उसने नागरिक होने का कर्तव्य निभा लिया है। सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया से वह वोट भी दे देता है। पर्दा गिरने लगता है, तभी एक सिसकी की आवाज़ आती है, अभिनेता की खिड़की के बाहर से मज़दूर पैदल चल कर जा रहे होते हैं पर टीवी के शोरगुल में उसको वो सुनाई नहीं  देता।

दृश्य 2
पर्दा उठता है। मंच पर सुबह सुबह का दृश्य है। नाटक के अभिनेता की नींद आज फिर 4 जीबी डेटा के साथ खुली है। अभिनेता अपने सोशल मीडिया का हीरो है, नायक है  – वो हर मुद्दे पर आवाज़ उठाता है, यहाँ तक की वो देश के लिए या जिसे वो देश समझता है उसके लिए लड़-भिड़ जाता है। नाटक के सूत्रधार की आवाज़ गूँजती है कि “काश डेटा कभी ना ख़त्म हो, ताकि मेरी विचारधारा की साँसें चलती रहे”। अभिनेता को पता है कि सरकार उसके बारे में सब सोच रही है, इसलिए कभी कभार तो अभिनेता सोचना भी बंद कर “डेटा” है। अभिनेता आज टिकटॉक नाम की ऐप अन-इंस्टॉल कर रहा है, ऐसा कर के देश की सरहद की रक्षा होगी। हिंदुस्तानी आदमी की फिर ग़लती भी क्या है कि उसके पश्चिम में पाकिस्तान है,उत्तर में चीन और बाक़ी हर ओर पानी। उसके पास कोई जगह ही नहीं बची सरहद के मुद्दे से बचने की। पर्दा गिरने लगता है, तभी हमारे नायक के फ़ोन पर एक अप्डेट आती है- PayTm का नया वर्ज़न आया है। PayTm में भी निवेश सरहद पार से आया था, पर ये निवेश उसी टिकिट पर आया है, जो पुराने अभिनेता के पास था, वही..उच्च वर्ग और उच्च जाति वाला।



“लॉकडाउन सिनेमा की एनाटमी (शरीर संरचना)”
घरों में बैठे हम सब लोगों ने लॉकडाउन को एक सिनेमा-दर्शक की तरह देखा है। लॉकडाउन के दौरान जो बड़ी ख़बरें आयी उस पर दर्शकों की तरह हमारी क्या प्रतिक्रिया रही, मैं सिर्फ इसका विश्लेषण करने का प्रयास कर रही हूं। शरीर रचना या एनाटॉमी (Anatomy) को पढ़ने और समझने का आज भी एक प्रभावशाली तरीक़ा अंग-विच्छेदन या डिसेक्शन(dissection) को माना जाता है। एक्स-रे, एम॰आर॰आई॰, अल्ट्रासाउंड जैसी तमाम तकनीकें आने के बाद भी , शवों का विच्छेदन कर के ही मानव शरीर का और भी गहन अध्ययन किया जा सकता है। इस लेख के शीर्षक में समाज को समझने के लिए, शरीर-रचना के विज्ञान से तुलना करने को आप एक काल्पनिक अतिशयोक्ति भी मान सकते हैं। लेकिन ये शीर्षक चुनने का बड़ा कारण यह था कि शायद आज समाज के अंदर कहीं ना कहीं हम जीवन से ज़्यादा मृत्यु की मौजूदगी देखते हैं – फिर वो चाहे कोरोना के संक्रमण से हुई मृत्यु हो या सरहद पर हुई सैन्यकर्मियों की मृत्यु, या फिर प्रशासन के अतिरेक बल प्रयोग से हुई मृत्यु – जैसे कि तमिलनाडु में जो हुआ, या फिर एक हाथी का दुख़द अंत हो, या उत्तर प्रदेश में हुई पुलिस कर्मियों की निर्मम हत्या। इसलिए समाज की शव से तुलना करना, महज़ एक संयोग नहीं है। अस्पतालों के एनाटॉमी विभाग में शवों पर रसायन लगा कर उन्हें सड़ने से रोकने की कोशिश की जाती  है, इस लेख को हमारे दम तोड़ते समाज को सड़ने से बचाने की भी कोशिश समझा जाए।

प्रेक्षण
इस महामारी के चार महीनों को पाँच भागों में बाँटा जा सकता है। समय को ऐसे टुकड़ों में बाँटना थोड़ा आसान तरीक़ा है परिस्थितियों को समझने का, पर किसी भी तरह से ना इसे पर्याप्त मापदंड माना जाए ना ही कोई मानक। पहला भाग है दर्शकों की प्रवासी मज़दूरों पर प्रतिक्रिया, दूसरे भाग में आप समझेंगे दर्शकों की केरल में हुए हाथी के अंत पर प्रतिक्रिया, तीसरे भाग में दर्शकों की सरहद पर पर सैन्य दल की शहादत पर प्रतिक्रिया, चौथे में तमिलनाडु में हुई पुलिस हिरासत में हत्या पर प्रतिक्रिया और अंत में पुलिस दल की निर्मम हत्या पर दर्शकों की प्रतिक्रिया।



प्रेक्षण 1-प्रवासी मज़दूरों के हालात पर दर्शकों की प्रतिक्रिया
सरकार और प्रशासन की लापरवाही के चलते मई में लाखों प्रवासी मज़दूर पैदल ही, हज़ारों मीलों की दूरियाँ तय करते हुए, अपने घरों की तरफ़ निकल पड़े। यह ही मज़दूर बड़ी तादाद में कभी सूरत में तो कभी दिल्ली में तो कभी मुंबई में सड़कों पर उतरे, ट्रेनों की माँग करने के लिए ताकि वो घर लौट सकें। 8 मई को औरंगाबाद में 16 प्रवासी मज़दूर, एक मालगाड़ी के नीचे आकर पटरियों पर अपना दम तोड़ देते हैं। दिशा का अंदाज़ा रहे इसलिए मज़दूर पटरियों के किनारे चल रहे थे, शायद वहीं थक के चूर हो गए होंगे और मालगाड़ी के नीचे आ गए।



टीवी की ख़बरों ने हम दर्शकों को मौक़ा दिया की हम इनकी मुश्किलों को देख सके बिना उन मुश्किलों को जिए, हम उनके दुःख में शरीक हो सकें बिना उनका दुःख बाँटें। हम सब दर्शक ग्लानि से भर गए। ग्लानि सबसे आसानी से महसूस होने वाली भावना होती है और सबसे ज़्यादा पराजित महसूस कराने वाली भी। बिना कुछ करे या बिना अत्याचारों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाए सिर्फ़ ग्लानि महसूस कर के संतुष्ट हो जाना भी आज हमारे समाज की बहुत बड़ी ख़ूबी है। सिर्फ़ ग्लानि महसूस कर के हम कहीं ना कहीं ख़ुद को समाधान की प्रक्रिया से भी दूर कर लेते हैं। क्योंकि कहीं ना कहीं हम उस ग्लानि के भाव में ये कह रहे होते हैं कि दुःख और आक्रोश ज़ाहिर करने के अलावा हम कर ही क्या सकते हैं या फिर हमने इतना तो कर दिया। जब सिर्फ़ ग्लानि महसूस कर कर, हम सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं तो हम ख़ुद को समाज में नैतिकता का प्रवक्ता बना देते हैं। ऐसा प्रवक्ता जो समाज की क्रूरता पर टिप्पणी करता है या प्रतिक्रिया ज़ाहिर करता है या वाद-विवाद में हिस्सा लेता है क्योंकि शायद वो समाज से ऊपर है समाज का हिस्सा नहीं। जब हमने अपना घर बनवाते वक़्त कम मज़दूरी दी थी, जब हमने मज़दूरों को अपने फ़र्नीचर पर नहीं बैठने दिया था या जब हमने कच्ची बस्तियों को अपने शहर का हिस्सा नहीं माना था – हमने उसी दिन, अपने घरों की नींव मज़दूरों से रखवाकर – इस असमान समाज की नींव रख दी थी। ग्लानि पहला क़दम हो सकता है एक नागरिक के तौर पर अपने दायित्व समझने का, पर आख़िरी नहीं। ग्लानि शुरुआत है अच्छा इंसान बनने का अंत नहीं।

प्रेक्षण 2-केरल में हाथी के अंत पर प्रतिक्रिया
27 मई को केरल के पलक्कड जिले में एक गर्भवती हथिनी की मृत्यु हो गयी। पोस्टमार्टम में पता चला कि हथिनी ने अनन्नास खाया था जिसके अंदर पटाखे थे, और इस वजह से उसका अंत हुआ। इस प्रकरण में जब मेनका गांधी ने पल्लक्कड की बजाए एक मुसलमानों की आबादी वाले जिले का नाम लिया तो इस घटना को पूरा साम्प्रदायिक रंग दे दिया गया और केरल की कॉम्युनिस्ट सरकार को इसका दोषी ठहरा दिया गया। एक बार के लिए इस सबको भूल जाते हैं और इस घटना का विश्लेषण हम सिर्फ़ अपनी यानी कि दर्शकों की प्रतिक्रियाओं के आधार पर करते हैं। लगातार बहुत सारे दर्दनाक पोस्ट शेयर हुए, बहुत लोगों ने इसके ख़िलाफ़ कैम्पेन चलाए और हम में से बहुत लोगों ने उन किसानों को तरह तरह से दरिंदा भी कहा। हम फिर नैतिकता के प्रवक्ता बन गए – हम भूल गए हम जिन शहरों में रहते हैं वो तो जंगल को काट कर ही बने हैं, ठीक वही जंगल जो उन जैसी लाखों हथिनियों का घर थे। हमारे एक शो में एक्टिविस्ट हिमांशु कुमार ने कहा था कि “शहर लूट से ही बनते हैं। शहर ख़ुद का कुछ नहीं उगाते या पैदा करते। जल और जंगल से लूट कर ही शहर का विकास होता है।“ हमने आख़िरी बार हाथी शायद एक पिंजरे में क़ैद चिड़ियाघर में देखा होगा या किसी बड़े महोत्सव की झाँकी में देखा होगा- जहाँ वो अपने स्वाभाविक माहौल से दूर हमारी किसी पूँजीवादी ज़रूरत के भेंट चढ़ रहे होते हैं। लेकिन हमने तब भी किसानों को ही निर्दयी कहा। हिंदी के बड़े कवि विनोद कुमार शुक्ल की कविता की कुछ पंक्तियाँ याद आती हैं

“शहर से सोचता हूँ
कि जंगल क्या मेरी सोच से भी कट रहा है
जंगल में जंगल नहीं होंगे
तो कहाँ होंगे ?
शहर की सड़कों के किनारे के पेड़ों में होंगे ।“

ये किसान वन्य जीवन के सबसे नज़दीक रहते हैं। जैसे किसानों की गतिविधियों का जानवरों पर असर पड़ सकता है वैसे ही जानवरों से उनकी खेती को नुक़सान पहुँच सकता है। हमारी सोशल मीडिया की हड़बड़ी में क्या हमने उन किसानों के बारे में सोचा जो भारी क़र्ज़ लेकर अपनी खेती करते हैं? हमने ख़बरों को सिनेमा बना दिया है, इसलिए हर बार एक दर्शक की तरह विलेन की तलाश में होते हैं, बिना परिस्थितियों की जटिलता को समझे। हमें किसानों और वन्य जीवन दोनो को बचाना है, सिर्फ़ हमारी सोशल मीडिया छवि को नहीं।

प्रेक्षण 3-सरहद पर सैन्य कर्मियों की शहादत पर प्रतिक्रिया
चीन अन्दर आया नहीं आया, विपक्ष से सवाल कि वो ग़द्दार है की नहीं या मोदी जी ने चीन को करारा जवाब दिया कि नहीं-  इन सवालों में उलझ कर हम ये बात तो भूल ही गए के हमारे बीस सैन्यकर्मी शहीद हो गए हैं। हम दर्शकों ने झट से जंग की गुहार लगा दी, हमने तय कर लिया की जंग करके चीन से इन शहीदों की मृत्यु का बदला लेंगे- पर हम भूल गए की शहीदों की मृत्यु का बदला लेने में और भी सैनिक शहीद होंगे। हम मृत्यु का समाधान मृत्यु में ढूँढने की कोशिश कर रहे हैं। ये ना तो सेना के बल पर सवाल है ना ही सरकार की नीतियों पर, यहाँ सवाल है हमारी सोच पर है। एक तो हमने मान लिया है कि जंग ख़त्म हो जाती हैं जैसे कि पहला और दूसरा विश्व युद्ध, या उसकी एक निश्चित अवधि होती है पर अगर अफ़ग़ानिस्तान की जंग को लें तो वो पिछले अट्ठारह साल से जारी है। और जंग कोई वाक्य थोड़े ही है जिसका अपना एक पूर्णविराम हो – आज यमन और इराक़ के हालात के परिप्रेक्ष्य में भी जंग को देखना होगा। वहाँ जंग रुकने के बाद भी स्थितियाँ बहुत ख़राब है। हमारे एक शो पर रिटा.विंग कमांडर अनुमा शर्मा ने कहा था कि “सरहद सेना बचा सकती है, पर एक स्थायी समाधान तो बातचीत में ही मिलेगा”। क्या अब हम समाधान नहीं ढूँढना चाहते सिर्फ़ बदला लेना चाहते हैं? हम दर्शक बन गए हैं इसलिए वास्तविक जीवन में भी हम एक्शन ही ढूँढ रहे हैं।

प्रेक्षण 4 – तमिलनाडु में हुई पुलिस हिरासत में हत्या पर प्रतिक्रिया
जैसे ही पुलिस विभाग द्वारा निर्ममता से एक बाप बेटे की हत्या की ख़बर आयी – हम फिर उत्तेजित हो पुलिस विभाग पर तरह तरह के ताने कसने लग गए। कुछ लोग कह रहे थे कि इन पुलिस वालों को भी ऐसे ही मार देना चाहिए, इनको चौराहे पर खड़ा कर के क़त्ल करना चाहिए इत्यादि। पहली बात जब हम एंकाउंटर स्पेशलिस्ट या एक्स्ट्रा ज्युडीशियल किलिंग्स वाली फ़िल्मों को इतने उत्साह से देखते हैं, तब हम भूल जाते हैं हम उसी पुलिस बर्बरता पर तालियाँ ठोक रहे होते हैं। दूसरी बात, जब ये ही पुलिसवाले,  ठेलेवालों को या ग़रीबों को लॉकडाउन में बुरी तरह से मार रहे थे – नियमों का उल्लंघन करने के लिए, हम उसे अनुशासन का नाम दे रहे थे। तीसरी बात, हम हिंसा के इतने आदी हो चुके हैं कि जब तक हत्या या मृत्यु नहीं हो जाती है तब तक हमें समस्या दिखती ही नहीं है। अगर पुलिस का बल अतिरेकता में था तो हमारी प्रतिक्रियाएँ भी अतिरेकता में ही हैं। “चौराहे पर खड़े करके मार देना चाहिए”- ऐसी माँगों में भी कहीं ना कहीं एक हिंसक तमाशा देखने या बनाने की इच्छा दिखती है।

प्रेक्षण 5-पुलिस दल की निर्मम हत्या पर दर्शकों की प्रतिक्रिया
उत्तर प्रदेश में विकास दुबे और उसके साथियों ने मिलकर 8 पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या कर दी। विकास दुबे और उनके पाँच साथियों या परिजनों को पुलिस ने एंकाउंटर में मार दिया है । ना कोई न्यायिक प्रक्रिया हुई, ना कोई सबूतों की शिनाख्त हुई बस उन्हें मार दिया गया। वो आठ पुलिसकर्मी, क़ानून और व्यव्यस्था के भी प्रतिनिधि थे। जब उनकी हत्या हुई तो क़ानून और न्याय की भी हत्या हुई थी। जब एंकाउंटर में बिना किसी क़ानूनी कार्यवाही और जाँच पड़ताल के छह लोगों को मार दिया जाता है, तब भी न्याय और क़ानून की हत्या होती है।एंकाउंटर के साथ तो न्याय होने की और सच पता चलने की सम्भावना ही ख़त्म हो जाती है। हम जब माँग करते हैं कि सारे गुनहगारों को मार दिया जाए, हम न्याय की माँग नहीं  कर रहे हैं, हम फिर वही बदले की भावना को ही शांत कर रहे हैं। जब एनकाउंटर में किसी को मार दिया जाता है बिना किसी न्यायिक प्रक्रिया के तब हम पुलिस के उसी व्यव्यहार को बढ़ावा दे रहे हैं जिसका हम तमिलनाडु के प्रकरण में विरोध कर रहे थे। आप गणतंत्र का निर्माण करते करते कहीं “gun”तंत्र का निर्माण तो नहीं करने लग गए? न्याय होना चाहिए और अपराधी को सज़ा मिलनी चाहिए, लेकिन सिर्फ़ मृत्यु की सज़ा नहीं है और जब तक अपराध साबित नहीं हो जाता तब तक सज़ा भी नहीं मिल सकती है। हाँ, न्याय होने में वक़्त लग सकता है, पर उसकी वजह से हम पूरी न्यायिक प्रक्रिया को ख़ारिज नहीं कर सकते। यह वास्तविक जीवन है, कोई फ़िल्म नहीं जिसका अंत और निष्कर्ष दो ढाई घंटे में निकल आता है।

हर म्यूटेशन अच्छा नहीं होता!
हम ख़बरों के दर्शक बन गए हैं। हम ख़बरों पर दूर दूर से या तो ताली पीटते हैं, या आँसू बहाते हैं, या गाली देते है या तुरंत उन पर कोई सिनेमाई नतीजा चाहते हैं। ख़बरें भी इस तरह ही दिखायी जाती हैं कि कैसे हमें दर्शक की तरह मनोरंजन दिया जाए ना कि नागरिक की तरह सूचना। दर्शक की तरह अपने लॉकडाउन की बोरियत से बचने के लिए कभी हमें नए नए बालकनी वाले टास्क चाहिए होते हैं तो कभी अपनी टीवी स्क्रीन पर कुछ रोमांचक और जोखिमपूर्ण ख़बरें। क्योंकि ख़बरों को एक तरीक़े से दिखाया जाता है हम उस तरीक़े से शायद अपनी ज़िंदगी को जीने लग गए हैं – वहीं ब्रेकिंग न्यूज़ की सनसनी का अहसास, वही हर चीज़ में तेज़ी की उम्मीद और उसी तरह हर चीज़ में एक तीखी प्रतिक्रिया की माँग। हमारी भावनाओं और प्रतिक्रियाओं का जीवनचक्र भी ख़बरों जितना रह गया है। तभी जब तक टीवी और डेटा चलता रहता है हम हर ख़बर पर प्रतिक्रिया देते रहते हैं, और शायद ख़बरें भी आजकल प्रतिक्रिया निकलवाने के लिए ही दी जाती हैं। हर प्रतिक्रिया अपने आप में एक सांस्कृतिक प्रदर्शन बन गयी है, जो भी किसी दर्शक के लिए ही दी और की जा रही है, जैसे हमारी सोशल मीडिया पोस्ट के दर्शक हमारे दोस्त हैं। हमें अपनी प्रतिक्रिया पर भी प्रतिक्रिया चाहिए। शायद हमें अब दर्शक नहीं विश्लेषक बनने की ज़रूरत है, क्योंकि समाज को उत्तेजित प्रतिक्रिया नहीं गहरे सवालों और स्थायी हलों की ज़रूरत है।आपको अब सिर्फ़ देखना नहीं, समझना भी होगा। देखने से ज़्यादा समझने पर ध्यान देंगे, तो ख़बरों को हमारा ध्यान आकर्षित करने के लिए आपस में सनसनी और मसाले की प्रतिस्पर्धा नहीं करनी पड़ेगी।

Thursday, May 21, 2020

सिंह मेव जयते

सिंह मेव जयते...

भारत और नेपाल के वर्तमान विवाद की शुरुआत 1816 में हुई थी। तब ब्रिटिश हुकुमत के हाथों नेपाल के राजा कई इलाके हार गए थे। इसके बाद सुगौली की संधि हुई जिसमें उन्‍हें सिक्किम, नैनीताल, दार्जिलिंग, लिपुलेख, कालापानी को भारत को देना पड़ा था। हालांकि अंग्रेजों ने बाद में कुछ ह‍िस्‍सा लौटा द‍िया। यही नहीं तराई का इलाका भी अंग्रेजों ने नेपाल से छीन ल‍िया था लेकिन भारत के वर्ष 1857 में स्‍वतंत्रता संग्राम में नेपाल के राजा ने अंग्रेजों का साथ दिया था। अंग्रेजों ने उन्‍हें इसका इनाम दिया और पूरा तराई का इलाका नेपाल के हिंदू राजा राणा जंगबहादुर को दे द‍िया।

कल नेपाल के प्रधानमंत्री ने अपने संसद में भारत के राजकीय चिन्ह अशोक स्तंभ जिस पर "सत्यमेव जयते" अंकित है पर व्यंग करते हुए "सिंहमेव जयते" के चुटकी ली। इतना ही नहीं उपहास एवं अपमान के अंदाज में उन्होंने भारतीय वायरस ( सीमा अतिक्रमण) को चीनी वायरस से ज्यादा खतरनाक बताया।

नेपाल और भारत के बीच धर्म, संस्कृति, आस्था की एक साझी विरासत है। नेपाल की राजशाही तथा अधिसंख्य जनता हिंदू धर्म में आस्था रखती है। गौतम बुद्ध का जन्म लुंबिनी नेपाल में हुआ है। भारतीय तराई क्षेत्रों में रहने वाले लोग का रोटी-बेटी का संबंध बड़े पैमाने पर नेपाल के मधेशी समुदाय से होता है। थारू जनजाति इस अंतरराष्ट्रीय सीमा के दोनों ओर अविभाज्य रूप से बसी हुई है। गोरखपुर के नाथ मठ के सबसे बड़े दानदाताओं में नेपाल नरेश शामिल हुआ करते थे।

नेपाली जनमत वामपंथी विद्रोह तथा संविधान लागू होने के बाद अपनी अस्मिता को लेकर ज्यादा सचेत और मुखर है। जिसका परिणाम नदी जल बंटवारे और सीमा विवाद के रूप में दिखाई पड़ रहा है, विगत कुछ वर्षों में हमारी विदेशनीति नेपाल में असफल रही है तथा नेपाली जनता का झुकाव चीन की तरफ हुआ है।

ताजा विवाद उत्तराखंड और नेपाल की सीमा से सटे हुए लिंपियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल के मानचित्र में दिखाने से शुरू हुआ है जबकि ये इलाके भारत में आते हैं। लगभग 6 महीने पहले भारत में इस क्षेत्र में सड़क का निर्माण किया था जिसकी तीखी प्रतिक्रिया नेपाल द्वारा व्यक्त की गई थी, उस क्षेत्र में नेपाल ने अपने सैनिकों की उपस्थिति भी बढ़ाई है।

दक्षिण एशियाई देशों मैं भारत की हैसियत बड़े भाई की हुआ करते थी पर वर्तमान परिस्थिति में पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, म्यांमार और मालदीव के साथ भारत के संबंधों में तल्खी बढ़ी है और इन देशों का झुकाव चीन की ओर हुआ है।

वैश्विक स्तर पर इसराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका जैसे देशों के साथ भारत की नजदीकी बढ़ती हुई दिखाई देती है पर यह विशुद्ध रूप से तिजारती मुल्क हैं और अपने हथियार तथा साजो सामान बेचने के लिए भारत के पीठ सहलाया करते हैं। रूस जैसा विश्वसनीय मित्र बदली हुई परिस्थिति में भारत से संतुष्ट नहीं है क्योंकि अब हम उसकी बजाय हथियार खरीदने के लिए फ्रांस, जर्मनी, यूएसए आदि देशों को तरजीह दे रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में इस बात का कम महत्व है कि आपके मित्र कितने हैं परंतु इस बात का ज्यादा असर पड़ता है कि आपके शत्रु कितने हैं...


संतन

Saturday, April 25, 2020

Representation is not reservation

आरक्षण किसे कहते हैं कुछ उदाहरणों से समझिए

जब अपने स्कूल की क्रिकेट टीम में भी चयनित ना होने वाले जय शाह पुत्र अमित शाह (गृह मंत्री, भारत सरकार) सीधा BCCI के अध्यक्ष बनते हैं, इसे कहते हैं आरक्षण।

जब बिना किसी परीक्षा और इंटरव्यू के सीधा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में जज अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं रिश्तेदारी के कारण नियुक्त होते हैं, उसे कहते हैं आरक्षण।

जब तमाम स्कूल और कॉलेज खोलने वाले मैनेजर अपने रिश्तेदारों, बहू बेटों को बिना किसी योग्यता और पात्रता के फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर सरकारी अनुदान पर नियुक्त करा लेते हैं, तो उसे कहते हैं आरक्षण।

जब तमाम अकादमिक परीक्षाएं पास करने तथा पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद भी सिर्फ जाति के आधार पर घोषित कर दिया जाता है "नॉट फाउंड सूटेबल" (ताकि आगे उस पर अपने वर्ग के हितों के अनुरूप नियुक्ति की जा सके) तो उसे कहते हैं आरक्षण।

जब बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री/उपमुख्यमंत्री/मंत्री/अध्यक्ष बना दिया जाए और जिसके नाम पर चुनाव लड़ा उसे धकिया दिया जाए, इस सामंतशाही को कहते हैं आरक्षण।

जब लॉक डाउन में भी मुख्यमंत्रियों, पूर्व प्रधानमंत्री मंदिर जाते हैं या विवाह के पार्टी अटेंड करते हैं जबकि मरीजों/ मजदूरों को सड़क पर मुर्गा बनाकर पीटा जाता है, तो इस विशेषाधिकार को कहते हैं आरक्षण।

आज तक तीर कमान भी न बनाने का अनुभव रखने वाली कंपनी को सीधा राफेल लड़ाकू विमान बनाने का ठेका दिया जाता है, तो उसे कहते हैं आरक्षण।

जब एक ही तरह के मुकदमे में यादव को जेल और मिश्रा को बेल मिल जाती है तो यहां पर दिखता है वर्ग और जाति का आरक्षण।

प्राइमरी स्कूल भी  खोलने लायक इंफ्रास्ट्रक्चर न होने के बावजूद कागजी जिओ यूनिवर्सिटी को 10,000 करोड़ रुपए मिलते हैं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के लिए, तो इसे कहते हैं आरक्षण।

जब राष्ट्रपति के अंगरक्षकों की भर्ती चुनिंदा जातियों से की जाती है, तो उसे कहते हैं आरक्षण।

जब अभिषेक बच्चन, तुषार कपूर और आर्यन खान की बेहूदा एक्टिंग देखनी पड़ती है, तो उसे कहते हैं आरक्षण।

जिसको भारत में आरक्षण कहा जाता है वो सिर्फ प्रतिनिधित्व है, जो तमाम यूरोपीय अमेरिकी अफ्रीकी देशों में भी अपनाया गया है।

Thursday, April 23, 2020

Dr Ambedkar and RSS

क्या डॉ. अंबेडकर, आरएसएस के "नए सरदार पटेल" हैं?
---------
"द प्रिंट" पर एक खबर छपी जिसमें लेखक ने एक बहस छेड़ी कि डॉ. अंबेडकर और आरएसएस वैचारिक स्तर समान थे। हद्द की बात ये है कि लेखक ने डॉ. अंबेडकर का एक भी विचार नहीं गिनाया जिसके आधार पर यह माना जा सके कि संघ और डॉ. अंबेडकर वैचारिक स्तर पर समान थे। जिस व्यक्ति ने ये लेख लिखा है वह "इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र" का सीईओ है। अंबेडकर और संघ के विचारों पर जाने से पहले आपको इस संगठन के बारे में जानना जरूरी है तब ही आप इस पूरे झूठ की जड़ में जा पाएंगे। विश्व संवाद केंद्र आरएसएस का ही एक संगठन है। जिसका काम संघ को वैचारिक स्तर पर मजबूत करना है। ये संगठन इसी प्रकार से आधे-अधूरे उद्धरण उठाता है और बहस शुरू करता है। अस्सी के दशक में जब राममंदिर प्रकरण के लिए आरएसएस को  अपने पक्ष में वैचारिक तथ्य इकट्ठे करने थे, उसी दौर में ही इस संगठन की स्थापना की गई थी। ताकि राममंदिर के समर्थन में "तथ्य आधारित झूठ" फैलाए जा सकें। मंदिर मसले पर इसकी सफलता के बाद इस संगठन ने एक स्वतंत्र रूप ले लिया। तब से लेकर अबतक इस संगठन का काम संघ के समर्थन में किताबी शोध करना है। ताकि आरएसएस को वैचारिक स्तर पर मजबूत किया जा सके।

ये संगठन मीडिया और आरएसएस के बीच एक पूल का काम करता है। ये लोग आर्टिकल लिखते हैं, पुस्तकें लिखते हैं ताकि आरएसएस के पक्ष में माहौल बनाया जा सके। इनकी छोटी-छोटी पत्रिकाएं भी हर महीने निकलती हैं जो आरएसएस का स्टैंड रखती हैं। उन्हें सभी जिलों में भेजा जाता है ताकि आरएसएस के प्रचारक और उसके कार्यकर्ता नए नए शोध के बारे में जान सकें, ताकि उनके पास तर्क करने के लिए कुछ तथ्य रहें, जैसे यदि डॉ. अंबेडकर पर कोई तथ्य रखना हो तो कौन कौन से ऐसे तथ्य हैं जिनसे दलितों, वंचितों, अंबेडकर को संघ के नजदीक दिखाया जा सके।

शुरुआत में संघ ऊंची जातियों के हितों को लेकर स्पष्ट था लेकिन जैसे ही जनसंघ (भाजपा से पहले आरएसएस का राजनीतिक संगठन) आया, संघ को दलितों की याद आई। दलितों को अपने खेमे में लाने की नीति संघ के तृतीय सर संघचालक देवरस ने तेज की थी। उससे पहले संघ दलितों को लेकर उतना गंभीर नहीं था। तभी से अपनी दलितविरोधी छवि को कम करने के लिए आरएसएस अक्सर डॉ. अंबेडकर को अपने खेमे में लेने की कोशिश कर रहा है। पिछले हफ्ते 14 अप्रैल के दिन भी आरएसएस के एक संगठन "सामाजिक समरसता मंच" ने डॉ. अम्बेकडकर के जन्मदिन पर सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने घरों पर "7-7" दीप जलाने का आह्वान किया था।

ये कोई पहला लेख या भाषण नहीं है जिसमें संघ ने डॉ. अंबेडकर पर दावा किया हो, आप एकबार "संघ और डॉ. अंबेडकर" नाम से या "RSS and Dr. ambedkar" नाम से गूगल पर सर्च करेंगे तो ऐसे अनगिनत आर्टिकल्स आपको मिल जाएंगे जो इस झूठ को धीरे-धीरे लोगों के मन में डालने का काम कर रहे हैं कि आरएसएस और डॉ. अंबेडकर तो वैचारिक स्तर पर समान थे।

इससे पहले कि संघ सरदार पटेल की तरह अंबेडकर के विचारों को बड़ी बड़ी मूर्तियां बनाकर दफना दे उससे पहले ही डा. अंबेडकर के मोटा-माटी  विचार जान लेना बेहद जरूरी है।अब जानते हैं कि क्या सच में डॉ. अंबेडकर और संघ वैचारिक स्तर पर समान थे?

1. 14 मई, 1951 के दिन अम्बेकडकर ने संसद में कहा "May I mention of the RSS and Akali Dal? Some of them are very dangerous associations"
इसका हिंदी में सादा सा अनुवाद बताऊं तो डॉ. अंबेडकर ने कहा कि आरएसएस एक बेहद खतरनाक संगठन है।
अम्बेककर का ये कथन आपको Dr Babasaheb Ambedkar: Writings and Speeches, Vol. 15  और Parliamentary Debates, Vol. 11, Part Two, 14 May 1951 में मिल जाएगा।

2. आरएसएस का एकमात्र सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है? "हिन्दू राष्ट्र" !! लेकिन क्या आप जानते हैं हिन्दुराष्ट्र पर डा. अंबेडकर के विचार क्या थे ? डॉक्टर आंबेडकर ने 1937 में अपनी एक पुस्तक "annihilation of caste" में धर्म आधारित राष्ट्र की मांग पर देश के नागरिकों को आगाह करते हुए लिखा था---

"अगर हिंदू राष्ट्र बन जाता है तो बेशक इस देश के लिए एक भारी ख़तरा उत्पन्न हो जाएगा. हिंदू कुछ भी कहें, पर हिंदुत्व स्वतंत्रता, बराबरी और भाईचारे के लिए एक ख़तरा है. इस आधार पर लोकतंत्र के अनुपयुक्त है. हिंदू राज को हर क़ीमत पर रोका जाना चाहिए."

3. आरएसएस एक झूठ फैलाता है कि डॉ. अंबेडकर
ने दत्तोपंत ठेंगड़े को अपने संगठन "Scheduled Caste Federation" का सचिव बनाया था। दत्तोपंत ठेंगड़े जोकि आरएसएस के प्रचारक थे। द प्रिंट में लिखे इस आर्टिकल में भी लेखक ने इसी झूठ को दोहराया है।   लेकिन डॉ. अंबेडकर वांग्मय के वॉल्यूम 17 के सम्पादक हरि नरके ने लिखा है कि "केवल SC कास्ट से सम्बंध रखने वाले लोग ही Scheduled Caste Federation के मेम्बर बन सकते थे। जबकि दत्तोपंत ठेंगड़े SC नहीं थे। ऐसे में SC कम्युनिटी के एक बड़े संगठन का सचिव बनाए जाने की बात एकदम हास्यास्पद है। ये एकदम झूठ है कि दत्तोपंत ठेंगड़े अंबेडकर के बनाए इस संगठन के सचिव थे।

4. आरएसएस के अध्यक्ष को सरसंघचालक कहा जाता है, अब तक आरएसएस के 7 सरसंघचालक हुए हैं पहले हेडगेवार थे, वर्तमान में मोहन भागवत हैं। ऐसे ही संघ के दूसरे सरसंघचालक हुए "गोलवलकर" उनकी एक किताब थी "वंच ऑफ थॉट्स"। इन्हीं गोलवलकर ने मनुस्मृति लिखने वाले मनु के लिए लिखा है "मनु मानव इतिहास में सबसे पहले सर्वश्रेष्ठ बुद्धिमान और महान क़ानूनविद थे"। लेकिन इन्हीं मनु द्वारा लिखित मनुस्मृति को डॉ. अंबेडकर ने दलितों के लिए सबसे घातक बताया था। इतना ही नहीं डॉ. अंबेडकर ने इसके प्रतिरोध स्वरूप मनुस्मृति की सार्वजनिक रूप से प्रतियां भी
जलाईं थीं!

अब आरएसएस तय करे कि गोलवलकर गलत थे कि डॉ. अंबेडकर गलत थे? आखिर आरएसएस इन दोनों में से किसकी निंदा करेगी?

5.सबको याद होगा अंबेडकर जब कानून मंत्री थे उन्होंने हिन्दू महिलाओं को न्याय दिलाने के "हिन्दू कोड बिल" पेश किया था। उस समय सदन के हिन्दू कट्टरपंथी समूहों ने इसका कड़ा विरोध किया था। ये विरोध सदन से सड़क पर आकर इतना अधिक फैल गया कि इसके लिए एक "एंटी हिन्दू कोड कमेटी" बनी,।जिसमें हिन्दू शंकराचार्यों से लेकर हिन्दू कट्टरपंथी नेता शामिल थे। बताया जाता है इसके पीछे आरएसएस ही काम कर रहा था। अपनी किताब India after Gandhi में  famous historian Ramchandra Guha लिखते हैं "डॉ. अंबेडकर के खिलाफ इस पूरे राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ ने इस आंदोलन को समर्थन दिया। 11 दिसंबर 1949 को दिल्‍ली के रामलीला ग्राउंड पर आरएसएस ने एक जनसभा रखी। यहां कई वक्‍ताओं ने बारी बारी से अंबेडकर के बिल की आलोचना की। एक ने तो इसे हिंदू समाज पर एटम बम करार दिया। अगले दिन, कुछ आरएसएस वर्करों ने असेंबली की इमारतों के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पीएम और डॉक्‍टर अंबेडकर के पुतले जलाए"

6. अंबेडकर और आरएसएस की वैचारिक समानता का प्रोपेगेंडा जाति के सवाल पर आते ही नँगा हो जाता है। अंबेडकर अपनी किताब "Annihilation of caste" में लिखते हैं कि जाति का जन्म होता है धर्म से, और धर्म अपनी वैद्यता लेता है शास्त्रों से, यदि जाति को खत्म करना है तो शास्त्रों को खत्म करना पड़ेगा, वेदों और पुराणों को खत्म करना पड़ेगा।

क्या आरएसएस अंबेडकर के इस विचार को मानते हुए पुराणों और वेदों को मनाने से इनकार करता है? मुझे मालूम है आरएसएस ऐसा कभी नहीं करने वाला।

7.आरएसएस!.... जोकि वेदों की सत्ता स्थापित करना चाहता है, डॉ. अंबेडकर जोकि वेदों और पुराणों को ही खत्म करना चाहते हैं। आरएसएस जोकि हिन्दू राष्ट्र की स्थापना करना चाहता है, डॉ. अंबेडकर जोकि "हिन्दू राष्ट्र" को एक त्रासदी मानकर किसी भी हाल में इसे रोकना चाहते हैं। आखिर इन दोनों में कहां पर आकर वैचारिक समानता हो सकती है?? जबाव है कहीं नहीं, कभी भी नहीं।

लेकिन मैं आपको यकीन दिला रहा हूँ यदि आपने, आपके बच्चों ने, इतिहास नहीं पढ़ा, लाइब्रेरी नहीं गए, किताबें नहीं खंगाली तो एकदिन आरएसएस इस बात को साबित कर देगा कि डॉ. अंबेडकर और आरएसएस दोनों एक ही उद्देश्य के लिए काम कर रहे थे।

इससे पहले कि आरएसएस डॉ. अंबेडकर को अपना "नया सरदार पटेल" बना दे उससे पहले आपके लिए ये लेख लिख रहा हूँ। डॉ. अंबेडकर और आरएसएस के बारे में लोगों को बताना आपका काम है। मेरा काम यहां खत्म होता है....

Tuesday, April 14, 2020

Dr Ambedkar Visionary of modern India

डॉ अंबेडकर का पूरा जीवन 'लार्जर दैन लाइफ' का कैनवास है। इसमें वे एक अध्येता के रूप में, अध्यापक के रूप में, प्रशासक के रूप में, राजनीतिज्ञ के रूप में, समाज सुधारक के रूप में, विद्रोही कार्यकर्त्ता के रूप में, धर्माचार्य के रूप में और राष्ट्रभक्त नागरिक की भूमिका में नजर आते हैं।

संघर्षों की नजर से देखें तो अंबेडकर के जीवन के सबसे  कोलाहलपूर्ण वर्ष  1925 से 1937 तक है। इस दौरान डॉक्टर अंबेडकर अमेरिका में अपनी पढ़ाई समाप्त कर चुके थे बड़ौदा नरेश के मिलिट्री सेक्रेटरी की नौकरी को छोड़ चुके थे मुंबई के कॉलेज के प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवा दे चुके थे, कानून के जानकार बन गए थे और अपने अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, इतिहास तथा समाजशास्त्र की ट्रेनिंग का उपयोग उन्होंने धरातलीय बदलाव लाने के लिए करना शुरू कर दिया था।

साउथ बोरो कमेटी (1919) के समक्ष डॉक्टर अंबेडकर ने सार्वभौमिक मताधिकार को लेकर के अपना ज्ञापन प्रस्तुत किया था। 1925 में जब यूरोप में मंदी की शुरुआत हुई तो भारत की डगमगाती अर्थव्यवस्था के लिए "रॉयल कमिशन ऑन इंडियन करेंसी एंड फाइनेंस" का गठन किया गया। इस कमेटी के समक्ष डॉ अंबेडकर ने अपना विचार रखा; आश्चर्यजनक बात यह थी कि कमेटी के ज्यादातर सदस्य उनकी पुस्तक "इवोल्यूशन आफ पब्लिक फाइनेंस इन ब्रिटिश इंडिया" को पढ़ चुके थे और उससे बेहद प्रभावित थे बाद में इसी कमीशन की अनुशंसा पर भारत में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना हुई।

अर्थशास्त्र में डॉक्टर अंबेडकर का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है और अमर्त्य सेन जैसे चोटी के अर्थशास्त्री उन्हें अर्थशास्त्र मैं अपना मार्गदर्शक पिता मानते हैं। उनके द्वारा दिए गए सिद्धांतों को एडम स्मिथ और रिकार्डो जैसे अर्थशास्त्रियों की श्रेणी में रखा जा सकता है। अपने शोध के दौरान ही उन्होंने इस बात को जोर देकर कहा था कि सोने की खरीद उत्पादनहीन निवेश है और इससे वास्तविक सेवाओं तथा वस्तुओं तरलता तथा महंगाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसे आज के समय में भी चरित्रार्थ होता हुआ देखा जा सकता है जब कोरोना महामारी के कारण सभी तरह के औद्योगिक उत्पादन और सेवाएं ठप्प पड़े हुए हैं उस वक्त भी सोने के मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि जारी है। यह भारत में भ्रष्ट वणिक व्यवस्था और घृणित पूंजीवाद का निकृष्टतम उदाहरण है।

उद्योग तथा भूमि को लेकर डॉ अंबेडकर की सोच एकदम स्पष्ट रूप से जनोन्मुखी थी; उनका मानना था कि सभी प्रमुख और आधारभूत उद्योग सरकार के नियंत्रण में होने चाहिए, पूरे देश में भूमि सुधार योजना कड़ाई से लागू की जानी चाहिए, भूमि वितरण और जमीन्दारी उन्मूलन को अपरिहार्य बताया और सामुदायिक कृषि व्यवस्था को समर्थन दिया था। इस लॉक डाउन में फंसे हुए बेबस मजदूरों को देखकर निजीकरण के खतरे ज्यादा स्पष्ट हो गए हैं और अंबेडकर के विचार समय बीतने के साथ बेहद प्रासंगिक नजर आने लगे हैं । यदि स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सेवाओं को पिछले 20 सालों में निजीकरण के द्वारा ध्वस्त नहीं किया गया होता तो आप इतना "डरा सहमा भारत" नहीं देखते।

साइमन कमीशन के समक्ष अपने प्रतिवेदन में डॉक्टर अंबेडकर ने वंचित वर्गों की शिक्षा तथा संसाधनहीनता गुरुता के साथ प्रस्तुत कर दिया था। जिसका लाभ गोलमेज सम्मेलनों (१९३०-३२) में दोहरे मताधिकार के रूप में प्राप्त हुआ।

1937 के चुनाव में डॉ अंबेडकर के "इंडिपेंडेंट लेबर पार्टी" ने महाराष्ट्र के 17 में से 12 आरक्षित सीटें, ०२ सामान्य सीटें जीती थी। इसके अलावा मध्य प्रांत में उनके दल के उम्मीदवारों ने अनेक स्थानों पर सफलता प्राप्त की थी। भारत के गवर्नर जनरल की कार्यकारिणी के डिफेंस सदस्य के रूप में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उनकी प्रबंधकीय क्षमता से प्रभावित होकर 1943 में उन्हें लेबर मिनिस्टर बनाया गया। उन्होंने अपने ज्ञान तथा अनुभव का उपयोग करते हुए भारत में आधारभूत बदलाव लाने वाले अनेक परियोजनाएं तथा नीतियां बनाई जिनमें दामोदर घाटी परियोजना, हीराकुंड बांध परियोजना, इम्प्लायमेंट एक्सचेंज, स्त्री-पुरूष समान वेतनमान, बीमा योजना, मातृत्व अवकाश जैसी ढ़ेरों काम बहुत कम समय में ब्रिटिश सरकार के सहयोग से किया।

भारत के सांप्रदायिक आधार पर विभाजन के खतरे को देखते हुए उन्होंने कहा था "राष्ट्रवाद तभी औचित्य ग्रहण कर सकता है जब लोगों के बीच जाति, नस्ल या रंग का अंतर बुलाकर उसमें सामाजिक भ्रातृत्व को सर्वोच्च स्थान दिया जाये।" अपने पुस्तक 'थॉट्स ऑन पाकिस्तान' में विभाजन के लिए हिंदू महासभा और मुस्लिम लीग जैसे कट्टर धार्मिक राजनीतिक दलों को उन्होंने उत्तरदाई बताया था और धार्मिक आधार पर स्थापित राज्य के खतरों की ओर भी संकेत किया था।

इस पुस्तक में उन्होंने राय जाहिर की थी कि यदि सांप्रदायिक आधार पर विभाजन होता है तो धार्मिक जनसंख्या का पूर्ण स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए। लेकिन भारत जैसे विविधता पूर्ण देश में यह संभव नहीं था इसलिए यह हो भी नहीं सका, फिर जब संविधान सभा में मुस्लिमों को दोयम दर्जे के नागरिकता देने की बात उठी तो डॉक्टर अंबेडकर ने इसका पुरजोर खंडन करते हुए अपना मत दिया कि "हमारे पड़ोसी देश किस प्रकार अपने नागरिकों के साथ व्यवहार करते हैं यह हमारा सरोकार नहीं, हम अपने नागरिकों को मानव गरिमा से युक्त जीवन देने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।" हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना को नकारते हुए उन्होंने बता दिया था कि हिंदुत्व श्रेणीक्रम के विभाजन पर आधारित धर्म है अतः समानता और भाईचारा हिंदूवादी राष्ट्र के चरित्र में संभव ही नहीं है।

तब से लेकर आज तक सांप्रदायिकता और पाकिस्तान भारतीय सत्ता तंत्र के सबसे बड़े खेवनहार बने हुए हैं सरकारें अपनी असफलताओं का सारा दोष पहले आईएसआई पर और अब मुसलमानों पर मढ़ कर चैन से बैठती हैं। प्रबुद्ध नागरिक के रूप में अब यह हमारे सोचने का समय है कि हमें हथियारों पर पैसे खर्च करने हैं या विश्वविद्यालयों और अस्पतालों पर। हमें निजीकरण को बढ़ावा देना है या लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को। इन सारे ही प्रश्नों का उत्तर डॉ आंबेडकर  सालों पहले ही दे गए हैं। वे लोग धूर्त हैं जो कहते हैं 70 सालों में कुछ नहीं बदला, वंचितों के लिए पिछले 70 साल सीढ़ी दर सीढ़ी गरिमा और उन्नति का  मार्ग प्रशस्त हुआ है।

Saturday, April 11, 2020

ज्योतिबा फुले

11 अप्रैल 1827 को जन्मे ज्योति गोविंदराव फुले भारत के अग्रणी समाज सुधारकों में हैं। 19वीं सदी में  ब्रिटिश कालीन भारत में पुनर्जागरण का दौर प्रारंभ हुआ तो उसके अग्रदूतों में ज्योतिबा फुले, राजा राम मोहन रॉय, डेराजियो, सर सैयद अहमद खान, महादेव गोविंद रानाडे जैसे लोग शामिल थे। इन सभी समाज सुधारकों के विशेषता रही कि इन्होंने कुरीतियों की सिर्फ कटु आलोचना ही नहीं की बल्कि उसके बदले वैकल्पिक न्यायपूर्ण व्यवस्था का निर्माण भी किया।

'सत्यशोधक समाज' की स्थापना करने वाले फुले ने वास्तव में आत्मा और परमात्मा की बकवास से परे जाकर व्यवस्था परिवर्तन के 'सत्य' की तलाश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन्होंने ना सिर्फ चार्तुयवर्ण व्यवस्था को खारिज किया बल्कि यह भी बताया कि भारत में सिर्फ दो ही वर्ग हैं एक साधन एवं शक्ति संपन्न समूह, दूसरा सम्मान तथा संसाधन से वंचित किया गया वर्ग।

फुले की महानता इस बात में निहित है कि पहली बार भारत में वेदों के अपौरुषेय होने के दावे का पर्दाफाश तथा समस्त ब्राह्मण साहित्य की षड़यंत्र को कटघरे में खड़ा किया। अपने सुधार आंदोलनों के लिए उन्होंने ब्रिटिश शासन से सहायता मांगी और उनसे आग्रह किया कि 12 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षा नि:शुल्क दी जाए।

भारत में स्त्रियों के लिए 1948 में भारतीयों द्वारा पहला स्कूल फुले दंपति ने ही फातिमा शेख के साथ मिल कर स्थापित किया। यह इस मायने में विशिष्ट था कि इसमें वंचित वर्गों की स्त्रियों को भी प्रवेश का अधिकार था। बाल विवाह की कटु आलोचना करते हुए ज्योतिबा फुले ने इसकी तुलना अमेरिकी दास प्रथा से की और कहा कि छोटी बच्चियों को ससुराल में बहुत कठिन और अमानवीय स्थितियों का सामना करना पड़ता है और बदले में उन्हें भरपेट भोजन और कपड़ा भी नहीं मिल पाता है।

ज्योतिबा फुले की सीख में सर्वाधिक महत्वपूर्ण 'तर्क पर आधारित चिंतन' था जिसका वर्तमान समय में पुनः लोप होता
जा रहा है।