विजयदशमी के अवसर पर संघ सुप्रीमो मोहन भागवत जी ने हिंदू शब्द को भारत भक्ति तथा मनुष्यता को समाहित करने वाला शब्द बताया।
यह ठीक वैसा ही है; जबआप किसी पहाड़ की ऊंची चोटी/ हवाई जहाज से नीचे देखें तो सब एक समान दिखाई पड़ता है। पर वास्तव में जमीनी हकीकत ठीक इसके उलट होती है।
भारत के बहुजन वर्ग के लिए हिंदू शब्द का अर्थ अन्याय असमानता, शोषण, असुरक्षा और भेदभाव है।
अल्पजन परंतु विशिष्ट अधिकार संपन्न वर्ग के लिए हिंदू शब्द आस्था, धर्म, परंपरा, कर्मकाण्ड और सांस्कृतिक उच्चता का प्रतीक है।
बड़ी विडंबना ये कि बहुजन वर्ग के नव धनाढ्य तथा शहराती लोग सांस्कृतिक संक्रमण के दौर में फंसे हुए हैं डॉक्टर अंबेडकर और उनके वैज्ञानिक विचार वे अपने सामाजिक जीवन में तो उतार रहे हैं, पर समाज की मूलभूत इकाई यानी अपने ही परिवार में अंधविश्वास से मुक्ति नहीं करा सके हैं।
लखनऊ में एक उच्च पुलिस अधिकारी की पत्नी ने सिर्फ इसलिए आत्महत्या कर ली क्योंकि पति महोदय उन्हें अष्टमी का व्रत रखने से मना कर रहे थे। महिला की दुविधा यह रही होगी कि जिस संभ्रांत सोसाइटी में वह रहती है वहां की सभी महिलाएं इसी तरह के कर्मकांड में यकीन रखती हैं तो फिर वो एलिनिएट होने का खतरा कैसे उठाए?
संस्कृतिकरण कि यह परिपाटी बेहद खतरनाक रूप अख्तियार करती जा रही है। बहुजन वर्ग के ज्यादातर लोग सामाजिक स्वीकृति पाने मात्र के लिए कांवड़ यात्रा, साईं पूजन, विंध्याचल दर्शन, करवा चौथ, नवरात्र जैसे महंगे और फिजूल उत्सव में फंस रहे हैं।
जबकि बहुजन लोक संस्कृति में हर गांव के पास अपना मठिया, डिहवार, हर खानदान के पास कुलदेवी-कुलदेवता और लगभग सभी समुदायों के पास अल्प खर्चीली, बिना पंडा-पुरोहित के पूजा पद्धति पहले से विद्यमान है।
बाजार और धार्मिक कर्मकांड इस वर्ग के सबसे खतरनाक दुश्मन बनकर सामने आए हैं।